पटना, 26 मार्च। राज्य में संचालित डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावासों में रहने वाले छात्रों की मासिक छात्रवृत्ति अब दोगुनी कर दी जाएगी। इन्हें वर्तमान में एक हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति मिलती है। नए प्रस्ताव के तहत इन्हें अब दो हजार रुपये छात्रवृत्ति का भुगतान होगा। इससे इन छात्रावासों में रहने वाले राज्य के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समाज के करीब 10 हजार विद्यार्थियों को लाभ होगा।
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग ने इनकी छात्रवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी के लिए जल्द भेजा जाएगा। मंत्रि परिषद की मंजूरी के बाद इसे राज्य में लागू कर दिया जाएगा।
विभाग की ओर से इसके पूर्व सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की छात्रवृत्ति में बढ़ोतरी की गई है और छात्रवृत्ति की राशि दोगुनी की गई है। इसके बाद अब डॉ. आंबेडकर कल्याण छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति में बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। राज्य में वर्तमान में 139 डॉ. आंबेडकर कल्याण छात्रावास संचालित हैं। एससी-एसटी समाज के छात्र-छात्राओं के लिए प्लस टू विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में डॉ. आंबेडकर कल्याण छात्रावासों का संचालन किया जा रहा है। इन छात्रावासों में निशुल्क आवासीय सुविधा, डिजिटल कक्षाएं, पुस्तकालय और प्रतिमाह अनुदान की व्यवस्था है। साथ ही, इनमें रहने वाले विद्यार्थियों को 15 किलो अनाज भी दिया जाता है। इनमें नौ किलोग्राम चावल एवं छह किलोग्राम गेहूं शामिल है।









