पटना, 01 अप्रैल 2026: माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार, श्री नीतीश कुमार ने आज बिपार्ड स्किल पार्क, पटना का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्किल पार्क में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तृत अवलोकन किया तथा प्रशिक्षुओं को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय एवं मेस सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।
बिपार्ड स्किल पार्क, पटना परिसर में सरकारी कर्मियों के प्रशिक्षण के साथ-साथ राज्य के युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के उद्देश्य से छह प्रमुख प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें सिस्टम्स एप्लीकेशंस एंड प्रोडक्ट्स (SAP), सिस्को सर्टिफाइड नेटवर्क एसोसिएट (CCNA), जेरियाट्रिक केयर गिवर, फैशन डिजाइनिंग, कॉमिस (Commis) एवं असिस्टेंट बेकिंग टेक्नीशियन शामिल हैं।
इन सभी पाठ्यक्रमों के अंतर्गत प्रशिक्षुओं को बिपार्ड द्वारा निःशुल्क आवास, भोजन, प्रशिक्षण किट एवं वर्दी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त, उनकी रोजगार क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए अंग्रेज़ी भाषा के साथ-साथ विदेशी भाषाओं जैसे जर्मन, फ्रेंच, स्पैनिश एवं जापानी का भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
अब तक सरकारी कर्मियों के अतिरिक्त कुल 667 युवा प्रशिक्षुओं को क्षमता संवर्धन हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, जिनमें से 204 प्रशिक्षुओं को देश एवं विदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
इस अवसर पर माननीय मंत्री, जल संसाधन विभाग, श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, श्री दीपक प्रसाद, मुख्य सचिव, बिहार सरकार, श्री प्रत्यय अमृत, महानिदेशक, बिपार्ड, श्री बी. राजेंद्र, भवन निर्माण विभाग के सचिव, श्री कुमार रवि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।











