बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण बन गया, जब बिहार की धरती से निकलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। महज 15 वर्ष 99 दिन की आयु में भारतीय टीम की कैप पहनकर वैभव ने भारतीय क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया।
इस उपलब्धि के साथ वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का 37 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। सचिन तेंदुलकर ने वर्ष 1989 में 16 वर्ष 205 दिन की आयु में भारत के लिए पदार्पण किया था, जबकि वैभव ने यह उपलब्धि 15 वर्ष 99 दिन की उम्र में हासिल की।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन जी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा,
*”आज का दिन बिहार क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। वैभव सूर्यवंशी ने जिस उम्र में भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व किया है, वह पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है।* उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर यह साबित कर दिया है कि यदि अवसर और समर्पण साथ हों तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। उन्होंने क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मैं वैभव और उनके परिवार को हार्दिक बधाई देता हूं तथा उनके उज्ज्वल और सफल अंतरराष्ट्रीय करियर की कामना करता हूं।”
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जियाउल आरफीन जी ने कहा,
*”वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम से अंतरराष्ट्रीय पदार्पण केवल एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बिहार क्रिकेट की वर्षों की मेहनत और विकास यात्रा का परिणाम है। आज उन्होंने जो इतिहास बनाया है, वह बिहार के हर जिले में क्रिकेट खेलने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलकर उन्होंने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा को सही मंच और सही मार्गदर्शन मिले तो वह विश्व स्तर तक पहुंच सकती है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को वैभव की इस उपलब्धि पर गर्व है और हम उनके लंबे, सफल एवं गौरवपूर्ण अंतरराष्ट्रीय करियर की कामना करते हैं।”*
वैभव का नाम अब विश्व क्रिकेट के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल हो गया है। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में पाकिस्तान के हसन रज़ा (14 वर्ष 227 दिन) के बाद दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। इसके साथ ही वह सभी पूर्ण सदस्य (Full Member) देशों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों, जिला क्रिकेट संघों, क्रिकेट प्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं समस्त क्रिकेट प्रेमियों ने वैभव सूर्यवंशी को उनके ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय पदार्पण पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा विश्वास व्यक्त किया है कि वह आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।







