उत्तरप्रदेश: अंबेडकरनगर में मोबाइल छिनैती का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा और चोरी का मोबाइल बरामद

Adyansh Singh19 October 20261 min read0 views
उत्तरप्रदेश: अंबेडकरनगर में मोबाइल छिनैती का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा और चोरी का मोबाइल बरामद

अंबेडकरनगर: जिले की भीटी थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को महमूदपुर बेला निवासी प्रभात कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खजुरी और पिगिरियावां के बीच दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया था। शिकायत के आधार पर भीटी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पुलिस अधीक्षक सुभी प्राची सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रेलवे जाने वाले मार्ग के किनारे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार (20) निवासी बरहा और शुभम कुमार (19) निवासी मेढ़वा रघुवंशी, थाना महरुआ के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने दोस्त से मोटरसाइकिल मांगकर लाए थे। इसी बाइक से 9 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मोबाइल छिनैती की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी मोबाइल बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने सौरभ के कब्जे से रियलमी सी-71 मोबाइल और .315 बोर का जिंदा कारतूस, जबकि शुभम के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया। घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।

Share:

Comments

Leave a comment