विदेश मंत्रालय, भारत सरकार को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के अधीन राम नगर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) का उद्घाटन किया गया है। यह पहल दूरस्थ वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए पासपोर्ट सेवाओं को अत्यंत सुलभ बनाएगी।
यह POPSK, जो भारत में 454वाँ तथा बिहार में 38वाँ है, राम नगर स्थित उप डाकघर में स्थापित किया गया है और इसका उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक, प्रभावी एवं पारदर्शी पासपोर्ट सेवाएँ प्रदान करना है। नागरिक यहाँ नए पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं, मौजूदा पासपोर्ट का नवीनीकरण करा सकते हैं तथा पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस POPSK में 45 पासपोर्ट तथा 5 PCC अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। आवेदक इन सेवाओं का लाभ विदेश मंत्रालय की वेबसाइट www.passportindia.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। माननीय सांसद, वाल्मीकि नगर, श्री सुनील कुमार तथा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार की सचिव (CPV एवं OIA), श्रीमती श्रीप्रिया रंगनाथन (IFS) ने इस POPSK का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक लौरिया श्री विनय बिहारी, विधायक बगहा श्री राम सिंह, विधायक राम नगर श्री नंद किशोर राम, पोस्टमास्टर जनरल (उत्तरी क्षेत्र) श्री पवन कुमार सिंह (IPoS), क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना श्रीमती स्वधा रिज़वी (IFS), डीआईजी चंपारण रेंज श्री हरकिशोर राय, विदेश मंत्रालय (PSP) में ओएसडी कर्नल रितेश कुमार, विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट सेवा परियोजना प्रभाग में निदेशक डॉ. अर्जुन देओरे (IFS), उप विकास आयुक्त, पश्चिम चंपारण श्री काजले वैभव नितिन, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना एवं भारतीय डाक के अधिकारी, तकनीकी भागीदार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के परियोजना प्रमुख तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
POPSK पहल, विदेश मंत्रालय एवं डाक विभाग के बीच एक संयुक्त प्रयास है, जिसका उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के निकट लाना है। वर्तमान में भारत में 37 पासपोर्ट कार्यालयों के अंतर्गत 454 POPSK तथा 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) संचालित हैं। इस प्रकार देश भर में कुल 547 पासपोर्ट सेवा केंद्रों का सुदृढ़ नेटवर्क स्थापित हो चुका है।
वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र में POPSK राम नगर के उद्घाटन के साथ, विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः प्रदर्शित किया है तथा बिहार के प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में एक पासपोर्ट केंद्र स्थापित करने के लक्ष्य को पूरा किया है। बिहार राज्य में POPSK राम नगर के साथ पासपोर्ट केंद्रों की कुल संख्या अब 40 हो गई है, जिससे राज्य के सभी 40 संसदीय क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध हो गई हैं। यह विस्तृत नेटवर्क विशेष रूप से दूर दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा तथा ‘अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुँच’ (Last Mile Connectivity) की अवधारणा को साकार करेगा।













