बिहार: आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में शामिल होने गए पति की संदिग्ध मौत, पत्नी ने संचालक समेत कई लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

AAdyansh Singh· 21 Oct, 11:56 PM · 1 मिनट
बिहार: आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में शामिल होने गए पति की संदिग्ध मौत, पत्नी ने संचालक समेत कई लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

मोतिहारी: बंजरिया थाना क्षेत्र के अजगरी चूड़ीहरवा टोला निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र कुमार उर्फ जेके राज की शिवहर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक बंजरिया थाना क्षेत्र के सिंघिया हीवन स्थित एक आर्केस्ट्रा म्यूजिक ग्रुप में काम करता था। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार महानवमी की रात शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंत बाजार चौक पर आयोजित एक आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में शामिल होने गया था। इसी दौरान वहां उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। परिजनों को इस हृदयविदारक घटना की सूचना सुबह मिली, जिसके बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।

घटना के संबंध में मृतक की पत्नी रोमा देवी ने आर्केस्ट्रा संचालक समेत अन्य लोगों को नामजद बनाते हुए पुरनहिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

मृतक जितेंद्र कुमार अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सहारा था। वह अपने पीछे वृद्ध पिता जवाहर ठाकुर, पत्नी रोमा देवी, तीन पुत्र और तीन पुत्रियों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। वह भाइयों में इकलौता और सात बहनों का भाई था। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि जितेंद्र के पिता पहले से ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। इकलौते बेटे की इस आकस्मिक और संदिग्ध मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment