परिवार का इकलौता सहारा था सुधीर,सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, युवक की मौत

Sonu Nigam17 October 20261 min read0 viewsबिहार
 परिवार का इकलौता सहारा था सुधीर,सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, युवक की मौत

बिहार के अररिया जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बथनाहा थाना क्षेत्र में एसएसबी 56वीं बटालियन मुख्यालय के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बथनाहा थाना क्षेत्र के दीपोल मंडल टोला (वार्ड संख्या 17) निवासी 35 वर्षीय सुधीर मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुधीर किसी जरूरी काम से श्यामनगर गया था और वहां से वापस लौट रहा था। इसी दौरान एसएसबी मुख्यालय के सामने एक ट्रैक्टर टायर पंक्चर होने की वजह से सड़क किनारे खड़ा था। सुधीर की बाइक अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर से जा टकराई।

परिवार का इकलौता सहारा था सुधीर

हादसे की सूचना मिलते ही बथनाहा थानाध्यक्ष धनजी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। सुधीर मंडल ईंट भट्ठा में मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था और वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।

सुधीर की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी ललिता देवी और दो छोटे बेटों, 10 वर्षीय सूरज कुमार और 5 वर्षीय प्रीतम कुमार को छोड़ गया है। घर के मुख्य सहारा के चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Share:

Comments

Leave a comment