अररिया: चार हजार लीटर से ज्यादा विदेशी शराब जब्त, मुजफ्फरपुर के ट्रक ड्राइवर और खालासी साहेब

बिहार के अररिया जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। जोकीहाट थाना पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक बारह चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल 4401 लीटर विदेशी शराब जब्त की, बल्कि मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरी कार्रवाई की जानकारी सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जोकीहाट थाना क्षेत्र के रानी चौक के पास एक ट्रक के जरिए शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से विदेशी शराब की बड़ी मात्रा बरामद हुई।
मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक 27 वर्षीय कपिल कुमार और खलासी 22 वर्षीय शत्रुघ्न कुमार को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा भुसली उत्तरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जोकीहाट थाना में बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार के किस हिस्से में पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस सफल छापेमारी में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा और एसआई रजनीकांत कुमार समेत कई पुलिस जवान शामिल थे।