अररिया: बोलेरो से तस्करी कर लाई जा रही 100 बोतल विदेशी शराब बरामद, महिला समेत 3 गिरफ्तार

बिहार के अररिया जिले में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन टोल प्लाजा के पास छापेमारी कर पुलिस ने एक महिंद्रा बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए गाड़ी के अंदर लोहे का एक गुप्त तहखाना बनाया था, जिसमें शराब छिपाकर पश्चिम बंगाल से लाई जा रही थी। इस मामले में विभाग ने एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि विदेशी शराब की एक बड़ी खेप किशनगंज से फारबिसगंज की ओर फोरलेन सड़क के रास्ते ले जाई जा रही है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसआई प्रीति कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में अवर निरीक्षक शिवज्ञान कुमार, एएसआई अनिल कुमार सिंह और होमगार्ड के जवान शामिल थे। जब टीम काकन टोल प्लाजा के पास पहुंची, तो संदिग्ध बोलेरो (नंबर BR32G-9490) को देखा गया।
गाड़ी घुमाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस टीम को देखते ही वाहन चालक ने गाड़ी मोड़ने और भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान जब पुलिस ने गाड़ी की गहराई से जांच की, तो सीट के नीचे लोहे से बना एक गुप्त तहखाना मिला। इस तहखाने के अंदर तीन अलग-अलग ब्रांड की कुल 100 बोतल विदेशी शराब (लगभग 36.03 लीटर) बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के सतपाल, दरभंगा के सुमन कुमार महतो और मुजफ्फरपुर की रहने वाली अर्चना देवी के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस शराब की डिलीवरी कहां होनी थी।