अररिया: सिमराहा में बीती रात भीषण आग का तांडव मचा कोहराम ,जलकर राख हुईं आधा दर्जन दुकानें

बिहार के अररिया जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सिमराहा रेणु प्रतिमा स्थल चौक पर शनिवार की मध्य रात्रि बाद अचानक भीषण आग लग गई। इस आग ने देखते ही देखते ऐसी तबाही मचाई कि इलाके की आधा दर्जन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग इतनी भयानक थी कि दुकानदारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी जीवन भर की जमा पूंजी मिनटों में धुएं में बदल गई।
घटना की जानकारी देते हुए पूर्व जिप सदस्य दिलीप पटेल और मुखिया प्रतिनिधि आफताब आलम उर्फ चुन्ना ने बताया कि इस अगलगी में मुख्य रूप से फल, सब्जी, भुजा और नाश्ते की दुकानें चपेट में आईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास ही स्थित शिव मंदिर प्रांगण के पंचमुखी हनुमान मंदिर को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
दमकल की देरी से बढ़ा नुकसान, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
स्थानीय लोगों और सिमराहा पुलिस ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। इस घटना में मो. रईस, मो. इस्माईल, असहाब, राकेश चौधरी, शिवकुमार मंडल और तिलक पासवान जैसे छोटे दुकानदारों का भारी नुकसान हुआ है। पीड़ितों का कहना है कि इन दुकानों से ही उनके परिवार का भरण-पोषण होता था और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सिमराहा थानाध्यक्ष सह पुनि प्रेम कुमार भारती भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने अंचल पदाधिकारी फारबिसगंज को मामले की जानकारी दी है।
इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों और ग्रामीण प्रतिनिधियों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि सिमराहा और आसपास के इलाकों में आगजनी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, लेकिन यहां दमकल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए स्थानीय थाने में दमकल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।