बिहार पुलिस का दशहरा पूजा से पहले बड़ी कार्रवाई: अबतक 36 गिरफ्तार और साथ मिले अवैध हथियार शराब भी बरामद

Sonu Nigam18 October 20262 min read0 viewsबिहार
बिहार पुलिस का दशहरा पूजा से पहले बड़ी कार्रवाई: अबतक 36 गिरफ्तार और साथ मिले अवैध हथियार शराब भी बरामद

त्योहारों के सीजन से पहले अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए औरंगाबाद पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर शनिवार देर रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग और छापेमारी की गई। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियारों की तस्करी, नशीले पदार्थों के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाना था।

इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और कुल 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 15 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में हत्या के प्रयास के आरोपी 11 लोग, दहेज मृत्यु मामले में 3, आर्म्स एक्ट के तहत एक और शराबबंदी कानून के उल्लंघन में 8 लोग शामिल हैं। इसके अलावा 13 अन्य लोगों को अलग-अलग अपराधों में पकड़ा गया है।

हथियार और शराब की बड़ी खेप जब्त

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने केवल गिरफ्तारियां ही नहीं कीं, बल्कि अवैध सामानों का भी जखीरा बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा और तीन कारतूस जब्त किए हैं। शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 23.70 लीटर देसी शराब, तीन लीटर विदेशी शराब और 100 लीटर स्पिरिट बरामद की गई है।

अभियान की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस ने कुल 1,321 वाहनों की जांच की, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों से 53,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, साइबर पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए 29,950 रुपये की रिकवरी की है।

पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए इस तरह के ऑपरेशन नियमित रूप से जारी रहेंगे। साथ ही, एसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे ड्रग तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, और भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment