काली माई VS दुर्गा माई दो पूजा समितियों में भिड़े लोग, पुलिस ने संभाला मो
बिहार और दुनिया में एक तरफ जहां माता रानी के पूजा में व्यस्त है वही एक खबर बिहार से सामने आ रही है बिहार के बेतिया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां भक्ति के माहौल के बीच डीजे की आवाज विवाद की वजह बन गई। नौतन थाना क्षेत्र की गहिरी पंचायत में नवरात्र पूजा के दौरान दो अलग-अलग पूजा समितियों के बीच डीजे बजाने को लेकर जमकर झड़प हुई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, गहिरी पंचायत में इस बार दो जगहों पर कलश स्थापना और पूजा अर्चना की जा रही है। एक तरफ 'काली माई स्थान पूजा समिति' है तो दूसरी तरफ 'कचहरी चौक दुर्गा माई स्थान' की समिति। शनिवार को जब बेल पूजा का समय आया, तो दोनों पक्षों ने अपने-अपने डीजे बजाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते डीजे की आवाज और उसके प्रभाव को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी शुरू हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
जैसे ही विवाद बढ़ा, स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई पूजा कुमारी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के लोगों को बैठाया और काउंसलिंग के जरिए मामला शांत कराया। गनीमत यह रही कि इस झड़प में कोई घायल नहीं हुआ। पूर्व मुखिया प्रदीप साह ने बताया कि ग्रामीणों के बीच मेल-मिलाप कराकर विवाद को सुलझा लिया गया है।
एसआई पूजा कुमारी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, एहतियात के तौर पर दोनों पूजा पंडालों के पास पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस वहां कैंप कर रही है ताकि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो। पुलिस का कहना है कि यदि कोई आवेदन मिलता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।