दुर्गा पूजा से पहले जमुई मे पुलिस को बड़ी कामयाबी , विस्फोटक और हथियारों के साथ दो कुख्यात गिरफ्तार

बिहार के जमुई जिले में पुलिस ने दुर्गा पूजा के त्योहार से पहले एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने छापेमारी कर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अवैध हथियार बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई उस समय हुई जब पुलिस त्योहार के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए गश्त कर रही थी।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ राजेश कुमार ने सोमवार को चंद्रमंडी थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 17 अक्टूबर की रात को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, बसाहरा की दिशा से दो हथियारबंद अपराधी एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर चिहरा पहाड़ी मोड़ की ओर आ रहे थे। इस इनपुट पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने नाकेबंदी की और संदिग्धों को धर दबोचा।
बरामदगी और अपराधियों का काला इतिहास
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिमुलतला थाना क्षेत्र के लहा गांव निवासी करु यादव उर्फ जयप्रकाश यादव और कुडवा निवासी पिंटू कुमार वर्मा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक देसी कट्टा और तीन-तीन जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा, उनके पास मौजूद एक बैग से करीब चार किलो बम बनाने की सामग्री, तीन मोबाइल फोन और एक अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये दोनों अपराधी बिहार-झारखंड सीमावर्ती इलाकों में काफी सक्रिय रहे हैं। करु यादव पर हत्या, लूट, रंगदारी और विस्फोटक अधिनियम के उल्लंघन जैसे करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में चंद्रमंडी इलाके में रंगदारी और मारपीट के केस में वांछित था। वहीं, पिंटू वर्मा पर दहेज हत्या, लूट और पुलिस पर हमला करने जैसे संगीन आरोप हैं।
इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार, अतिरिक्त थाना प्रभारी नंदन कुमार, रितेश कुमार, अमित कुमार सहित जिला खुफिया इकाई और जिला सशस्त्र बल के जवानों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोटक सामग्री कहां से आई थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।