बिहार के इस हाई स्कूल मैदान में 21 अक्टूबर को होगा 50 फीट रावण का रिमोट से दहन

बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज में इस बार विजयदशमी का जश्न बेहद खास होने जा रहा है। नरपतगंज हाई स्कूल मैदान में 21 अक्टूबर की शाम को 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का रिमोट के जरिए दहन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए 'युवा एकता' के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सोमवार को संगठन के अध्यक्ष विवेक भगत के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया। आयोजन समिति का मुख्य फोकस सुरक्षा और सुविधा पर है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की जा रही है, ताकि आतिशबाजी के दौरान किसी भी तरह की भगदड़ न मचे। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर पीने के पानी और चलंत शौचालयों की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और विशेष व्यवस्थाएं
भीड़ और अनुशासन को बनाए रखने के लिए युवा एकता ने करीब आठ दर्जन वॉलिंटियर्स की टीम तैनात की है। ये वॉलिंटियर मनचलों पर नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्यक्रम में कोई व्यवधान न आए। महिलाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें स्टेज के दक्षिण दिशा में बैठने की जगह दी गई है, जबकि पुरुषों के लिए स्टेडियम की सीढ़ियों पर व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए कार्यक्रम स्थल के दोनों द्वारों से वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
बुधवार शाम को होने वाले इस कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख मनोज यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। बता दें कि युवा संघ नरपतगंज पिछले दस वर्षों से लगातार इस परंपरा को निभा रहा है।
अध्यक्ष विवेक भगत ने बताया कि इस बार भी दीप प्रज्वलन के बाद अतिथियों और आगंतुकों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद भगवान राम की भव्य झांकी निकाली जाएगी। भक्तों की भारी भीड़ को व्यवस्थित रखने और माहौल को भक्तिमय बनाने के लिए एक विशेष भक्ति जागरण का भी आयोजन किया गया है। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप पासवान, बिहारी बाबू, किट्टु मंडल, धीरज मंडल, मुन्ना, अमोद मंडल, राजेश सिंह, रोशन मलकार और दीपक पोद्दार जैसे कार्यकर्ता अहम भूमिका निभा रहे हैं।