'क्या AIMIM भाजपा द्वारा संचालित पार्टी'?, वायरल ऑडियो पर सैफ अली खान का बड़ा हमला पढ़ेपूरा मामला

बिहार के अररिया में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने एआइएमआइएम (AIMIM) की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एक कथित वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद सैफ अली खान ने मजलिस को भाजपा द्वारा संचालित पार्टी करार दिया है। उन्होंने कहा कि सीमांचल से लेकर उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक इस पार्टी की चुनावी रणनीति की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एआइएमआइएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन का एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में आदिल हसन को पार्टी के नामपल्ली विधायक माजिद हुसैन पर लगे महिला उत्पीड़न के आरोपों और औरंगाबाद के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील के भाजपा के साथ कथित संबंधों के बारे में बात करते सुना जा रहा है। सैफ अली खान का कहना है कि जब पार्टी का अपना राष्ट्रीय प्रवक्ता ही अपने नेताओं की भूमिका पर सवाल उठा रहा है, तो यह स्थिति काफी गंभीर है।
विपक्ष के वोटों के बंटवारे का लगाया आरोप
सैफ अली खान ने राजनीतिक चर्चाओं का हवाला देते हुए कहा कि लंबे समय से यह माना जा रहा है कि एआइएमआइएम की चुनावी मौजूदगी से धर्मनिरपेक्ष विपक्ष के वोटों का बंटवारा होता है, जिसका सीधा फायदा भाजपा को मिलता है। उन्होंने मजलिस को भाजपा से फंडिंग मिलने के आरोपों का भी जिक्र किया और कहा कि यदि वायरल बयानों की पुष्टि होती है, तो पार्टी नेतृत्व को सामने आकर सच्चाई बतानी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि भाजपा की राजनीति का मुकाबला करने के लिए विपक्षी मतों की एकजुटता सबसे जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी भी दल की रणनीति का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि वह भाजपा को चुनौती दे रही है या विपक्षी वोटों को बिखेरकर उसकी राह आसान कर रही है।