बॉलीवुड

गुरुग्राम: टाइगर श्रॉफ के समर्थन में बोलने पर भीम सेना प्रमुख को मिली जान से मारने की धमकी

भीम सेना प्रमुख सतपाल तंवर को लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग ने एक महीने में हत्या करने की धमकी दी है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

Sonu Nigam· 23 Oct, 3:42 PM · 2 मिनट
गुरुग्राम: टाइगर श्रॉफ के समर्थन में बोलने पर भीम सेना प्रमुख को मिली जान से मारने की धमकी

हरियाणा के गुरुग्राम में भीम सेना और संविधान सुरक्षा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतपाल तंवर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग ने उन्हें निशाना बनाया है और धमकी दी है कि एक महीने के भीतर गुरुग्राम में ही उन्हें गोली मार दी जाएगी।

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सतपाल तंवर ने मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर हमले का विरोध किया था। तंवर ने टाइगर श्रॉफ को अपना छोटा भाई और सलमान खान को बड़ा भाई बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई की आपराधिक गतिविधियों की कड़ी निंदा की थी। इसी बयान से नाराज बदमाशों ने अब उन्हें मौत की धमकी देना शुरू कर दिया है।

व्हाट्सएप और फेसबुक पर भेजे गए धमकी भरे मैसेज

सतपाल तंवर की ओर से सेक्टर-37 पुलिस थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक, 22 अक्टूबर को दोपहर से लेकर रात तक उनके आधिकारिक मोबाइल नंबर और फेसबुक पेज पर लगातार धमकियां भेजी गईं। अज्ञात बदमाशों ने व्हाट्सएप और फेसबुक मैसेंजर के जरिए मैसेज भेजे और कई वॉयस कॉल भी कीं।

धमकी देने वालों ने खुद को लॉरेंस ग्रुप, गोगी ग्रुप और केसी ब्रदर ग्रुप से जोड़ा और लिखा कि सतपाल तंवर ने लॉरेंस बिश्नोई के बारे में गलत बोला है, जिसकी सजा सिर्फ मौत है। मैसेज में साफ तौर पर लिखा था, "तुझे इसी महीने के अंदर गोली मारूंगा... तू गुरुग्राम, हरियाणा में रहता है ना, तुझे वहीं मारूंगा, इंतजार कर तू।"

इस पूरी घटना के बाद सतपाल तंवर ने सोशल मीडिया पर बेखौफ अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि "मौत जिसकी महबूबा हो उसे मरने से डर नहीं लगता।"

भीम सेना ने पुलिस कमिश्नर और थाना प्रभारी को औपचारिक शिकायत भेजकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सतपाल तंवर की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है। सेक्टर-37 के प्रभारी इंस्पेक्टर मंजीत ने बताया कि शिकायत मिल गई है और जल्द ही मुकदमा दर्ज कर मामले को क्राइम ब्रांच के हवाले किया जाएगा।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment