दिल्ली सरकार : प्रदूषण घटाने के लिए 100 करोड़ से ऊपर का का पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च

Sonu Nigam20 October 20262 min read0 viewsदिल्ली एनसीआर
दिल्ली सरकार : प्रदूषण घटाने के लिए 100 करोड़ से ऊपर का का पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च

राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है। दिल्ली सरकार ने शहर के 40 चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए 104 करोड़ रुपये के पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की है। इस प्रोजेक्ट का मुख्य लक्ष्य एक साल के भीतर इन चुनिंदा जगहों पर PM 10 और PM 2.5 के स्तर में 20% तक की कमी लाना है।

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने इस काम के लिए टेंडर जारी किए हैं, जिसमें निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स को आधुनिक तकनीक तैनात करने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट को 40 अलग-अलग शेड्यूल में बांटा गया है, जिनमें से प्रत्येक की अनुमानित लागत करीब 2.6 करोड़ रुपये है। इससे सबसे कम बोली लगाने वाले योग्य बोलीदाताओं को अलग-अलग साइट्स का काम सौंपा जा सकेगा।

कनॉट प्लेस और खान मार्केट समेत इन इलाकों पर रहेगा फोकस

प्रोजेक्ट के तहत चुनी गई साइट्स का क्षेत्रफल 1 से 1.5 एकड़ के बीच है। इनमें शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाके शामिल हैं, जैसे कनॉट प्लेस, खान मार्केट और डिफेंस कॉलोनी। आंकड़ों के मुताबिक, इन 40 लोकेशन्स में से लगभग 48% साइट्स केवल मध्य और दक्षिण दिल्ली में स्थित हैं।

इस प्रोजेक्ट में हिस्सा लेने के लिए कंपनियों के पास पिछले तीन वर्षों का औसत वार्षिक टर्नओवर कम से कम 1 करोड़ रुपये होना चाहिए। हालांकि, DPIIT से पंजीकृत स्टार्टअप्स को अनुभव और टर्नओवर की शर्तों में कुछ ढील दी गई है। चयनित ठेकेदारों को साइट सौंपे जाने के चार हफ्तों के भीतर उपकरणों को स्थापित और चालू करना होगा।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने इस रणनीति में जनता और कॉर्पोरेट जगत की भागीदारी को बेहद जरूरी बताया है। उन्होंने लोगों से कारपूलिंग अपनाने, ऑफिस के समय में बदलाव करने और वर्क-फ्रॉम-होम जैसे विकल्पों को बढ़ावा देने की अपील की है।

वहीं, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शहर के 11-सूत्रीय कार्य योजना की समीक्षा भी की। इस दिशा में उठाए गए कदमों के तहत 150 इलेक्ट्रिक बसें, चार हाई-कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशन और आनंद विहार जैसे हॉटस्पॉट्स की निगरानी के लिए 13 नए एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन शुरू किए गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment