त्योहारों पर यात्रियों को दर्जनों ट्रैन कि बहार : भारतीय रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें, वंदे भारत की भी बहार

Sonu Nigam20 October 20262 min read0 viewsदिल्ली एनसीआर
त्योहारों पर यात्रियों को दर्जनों ट्रैन कि बहार : भारतीय रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें, वंदे भारत की भी बहार

दिवाली, छठ पूजा और दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहारों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए रेलवे ने नवंबर महीने के दौरान 10 स्पेशल ट्रेनों में AC बर्थ की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे ने अब तक कुल 8,454 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स की घोषणा की है और 13 अक्टूबर 2026 तक मौजूदा ट्रेनों में 412 अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं।

दिल्ली-पटना रूट पर वंदे भारत का जलवा

सबसे ज्यादा ध्यान दिल्ली और पटना के बीच चलने वाली ट्रेनों पर दिया गया है। इस रूट पर कई वंदे भारत स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ट्रेन संख्या 02253 पटना से नई दिल्ली के लिए 24 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक हर शनिवार, सोमवार और बुधवार को चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 02254 नई दिल्ली से पटना के लिए 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक रविवार, मंगलवार और गुरुवार को उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, एक अन्य वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी 21 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी।

इन वंदे भारत ट्रेनों के रास्ते में अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इसके साथ ही, खजुराहो और हजरत निजामुद्दीन के बीच भी 21 अक्टूबर से 19 नवंबर तक त्रिसप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल (01913/01914) चलाई जा रही है, जिसमें AC, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा होगी। वहीं, शकूर बस्ती से पटना के बीच 5 से 15 नवंबर के दौरान दोनों दिशाओं में आठ-आठ फेरे लगाए जाएंगे।

भविष्य की तैयारी की बात करें तो चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों पर काम कर रही है। 24 कोच वाले इस कॉन्फ़िगरेशन का डिजाइन 10 नवंबर 2026 तक फाइनल होने की उम्मीद है, जिसमें तीन AC श्रेणियों में कुल 1,431 बर्थ होंगे। इसका प्रोटोटाइप मई या जून 2027 तक तैयार हो सकता है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए ट्रेनों के शेड्यूल और स्टॉपेज की पूरी जानकारी जरूर ले लें।

Share:

Comments

Leave a comment