अगर आपको भी भारतीय रेल से है कोई शिकायत, तो अब ऐसे होगा आपके समस्या का निदान

अगर आप अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं और स्टेशन की सुविधाओं या अपनी यात्रा को लेकर कोई शिकायत या सुझाव देना चाहते हैं, तो यह मौका आपके लिए है। भारतीय रेलवे गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को देशभर के रेलवे स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद' कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है। इस खास पहल का मकसद यात्रियों और रेलवे प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान खोजना है।
यह पूरा अभियान 'स्पेशल कैंपेन 6.0' का एक हिस्सा है। इस अभियान के जरिए रेलवे न केवल लंबित मामलों को निपटाने पर जोर दे रहा है, बल्कि स्टेशनों पर साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और नागरिक जुड़ाव को बेहतर बनाने की कोशिश भी कर रहा है। इस कार्यक्रम के तहत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी सीधे प्लेटफॉर्म पर उतरेंगे और यात्रियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों को दर्ज करेंगे।
दिल्ली के इन प्रमुख स्टेशनों पर पहुंचेगा 'जन संवाद'
राजधानी दिल्ली में इस आउटरीच प्रोग्राम की काफी तैयारी है। दिल्ली के चार प्रमुख स्टेशनों—नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यह संवाद आयोजित किया जाएगा। विशेष रूप से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) पुष्पेश रमन त्रिपाठी खुद मौजूद रहेंगे और यात्रियों से उनकी यात्रा के अनुभवों और स्टेशन की सुविधाओं को लेकर चर्चा करेंगे।
यह कार्यक्रम केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे जोन सहित देश के तमाम छोटे-बड़े स्टेशनों पर चलाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के बाद, यात्रियों से मिले सुझावों और शिकायतों की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। रेलवे बोर्ड इस रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कदम उठाएगा ताकि भविष्य में यात्री सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाया जा सके और रेल संचालन में सुधार लाया जा सके।