नोएडा में बिना नंबर प्लेट के सड़को पर दौर रही गाड़ियां , सोशल मीडिया पर मचा बवाल

दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर नियमों को ताक पर रखकर चलने वालों की बाढ़ आ गई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर 'ग्रेटर नोएडा वेस्ट' हैंडल के जरिए एक चौंकाने वाला दावा किया गया है, जिसमें बताया गया है कि नोएडा की सड़कों पर कई गाड़ियां बिना नंबर प्लेट के बेखौफ घूम रही हैं। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब यह बात सामने आई कि एक कार बिना किसी रजिस्ट्रेशन प्लेट के नियमित रूप से डीएनडी (DND) टोल बूथ से गुजरती है और नोएडा सेक्टर 16 तक का सफर तय करती है।
इस खुलासे के बाद अब यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर ऐसी गाड़ियां बिना पहचान के कैसे चल रही हैं और वे ईंधन कहां से प्राप्त कर रही हैं। नियमों की बात करें तो सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स, 1989 के नियम 50 और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 39 के तहत सार्वजनिक स्थान पर बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना पूरी तरह गैरकानूनी है। ऐसा करने पर वाहन मालिक को 5,000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।
अपराधों को बढ़ावा देती हैं बिना नंबर की गाड़ियां
नोएडा पुलिस ने इस समस्या की गंभीरता को समझते हुए इसे 'ऑपरेशन क्लीन' का हिस्सा बनाया है। पुलिस का मानना है कि जिन वाहनों की पहचान छिपी होती है, उनका इस्तेमाल अक्सर लूटपाट और स्नैचिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाता है। यही कारण है कि प्रशासन अब हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) को अनिवार्य बनाने और उसकी सख्ती से जांच करने पर जोर दे रहा है, ताकि हर वाहन की ट्रेसिंग की जा सके और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित हो।
एनसीआर के अन्य इलाकों में भी इस तरह की लापरवाही पर गाज गिर रही है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो कार्रवाई की तीव्रता साफ दिखती है। सितंबर 2026 में 562 गाड़ियां जब्त की गईं, जबकि अक्टूबर के पहले 14 दिनों में ही 1,676 वाहनों को कब्जे में लिया गया। इतना ही नहीं, जुलाई के महीने में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 5,468 चालान काटे गए, जिनसे प्रशासन ने कुल 46 लाख 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है।