दिल्ली: बेटे को बचाने निकली मां की चाकू मारकर हत्या, नजफगढ़ में खूनी संघर्ष

देश की राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां अपने बेटे को बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा बैठी। पुलिस के मुताबिक, नजफगढ़ के ओल्ड रोशनपुरा इलाके में हुए एक हिंसक झगड़े के दौरान सीमा ऋषि नाम की महिला पर चाकू से हमला किया गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह पूरी वारदात 15 अक्टूबर की देर रात की है। मृतक सीमा ऋषि के बेटे ध्रुव ऋषि ने बताया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोका। देखते ही देखते बात गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। ध्रुव के अनुसार, हमलावरों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी, जिसके बाद उसके दोस्त वहां से भाग गए। एक दोस्त ने घर जाकर उसकी मां को इस लड़ाई के बारे में सूचित किया। जब सीमा ऋषि अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं, तो हमलावरों ने उन पर और उनके पति कमल ऋषि पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सीमा को पहले सरकारी केंद्र और फिर दीन दयाल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 17 अक्टूबर को उन्होंने दम तोड़ दिया।
पड़ोसी ही निकला हमलावर, पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सतीश लांबा (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों में से एक उनका पड़ोसी ही था। हालांकि, इस मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आया है। दिल्ली पुलिस की जांच और आरोपी सतीश लांबा के बयान के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब ध्रुव ऋषि अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर आया और सतीश व उसके दोस्तों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसी झड़प के दौरान ध्रुव ने चाकू निकालकर सतीश की बाईं जांघ पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस ने इस मामले में दोतरफा कार्रवाई की है। एक तरफ सीमा ऋषि के पति की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर सतीश लांबा को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी ओर सतीश के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ध्रुव ऋषि और उसके दोस्तों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।