कोलकाता की बाद एक और बड़ा हादसा अबतक 14 श्रद्धालुओं की मौत पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताया गहरा दुख

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 14 श्रद्धालुओं की जान जा चुकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि मां शीतला के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने बताया कि वह इस पूरी स्थिति पर मध्य प्रदेश सरकार और संबंधित मंत्रियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। सिंधिया ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों और घायलों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही सभी घायलों के लिए मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
यह हादसा रविवार तड़के करीब 1:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, छिनोर की दिशा से आ रहा धान से लदा एक ट्रक ढलान पर अपना नियंत्रण खो बैठा। रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रक ने रास्ते में लगे बैरिकेड्स और पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ते हुए मंदिर के पास जमा श्रद्धालुओं को रौंद दिया। ट्रक अंत में मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया।
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने पुष्टि की है कि इस हादसे में मरने वालों की संख्या 14 तक पहुंच गई है, जिनमें 10 पुरुष, दो महिलाएं और 18 साल से कम उम्र के दो बच्चे शामिल हैं। वहीं, एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, कुल 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, जिनमें ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल थे। फिलहाल कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि कई को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
इस त्रासदी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।