Fire In Factory: नोएडा में एक बार फिर आग का कहर देखने को मिला है। यहां सेक्टर-4 स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि पूरी इमारत धुंए के गुबार में तब्दिल हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर 240 कर्मचारी काम कर रहे थे।
आग लगने के बाद धुंए का गुबार कई किलोमीटर दूर तक फैल गया। जानकारी के मुताबिक भीषण आग बी-40 कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड नाम की कंपनी में लगी। जहां आग लगी वो तीन मंजिला इमारत है। फैक्ट्री में बिजली के मीटर बनाने का काम किया जाता है।
26 कर्मचारी हुए झुलसे
देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। जिससे पूरी फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई। वहीं, अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में करीब 26 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। कई लोगों को बचाव दल ने इमारत की खिड़कियां तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। जिसके बाद घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार हो रहा है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त फैक्ट्री में आग लगी। उस वक्त नाइट शिफ्ट के कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे।
दमकलकर्मी ने आग पर पाया काबू
वहीं, आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल की 25 यूनिट्स को आग पर काबू पाने के लिए तैनात किया गया। फायर विभाग की टीम ने फैक्ट्री के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकला। इसके अलावा ज्वाइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता आग को बुझाने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने की है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगी, इसकी जांच पुलिस और फायर विभाग करेगा।








