पंजाब संकट कट रहा और मंत्री साहब फ्रांस में केक काट रहे हैं: BJP तरुण चुघ

पंजाब की मौजूदा स्थिति और कानून व्यवस्था को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फ्रांस दौरे पर तीखा हमला बोला है। चुघ ने आरोप लगाया है कि जिस समय पंजाब नशे की महामारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था से जूझ रहा है, उस समय मुख्यमंत्री अपने जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए विदेश चले गए हैं।
नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आधिकारिक दौरे की आड़ में फ्रांस में अपनी बर्थडे पार्टी आयोजित की है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह एक सरकारी दौरा है, तो मुख्यमंत्री की पत्नी उनके साथ क्यों गई हैं? बीजेपी नेता के मुताबिक, यह पूरी तरह से राज्य के खर्चे पर निजी जश्न मनाने का मामला है, जबकि पंजाब के हालात बेहद चिंताजनक हैं।
नशे की आग में जल रहा पंजाब
तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार की नाकामी के कारण पंजाब का युवा नशे की गिरफ्त में है और हर दिन गलियों और गांवों में लोग दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग इस नशे के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उनकी दिनदहाड़े हत्या कर दी जाती है। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य में 23 पुलिस स्टेशनों को ग्रेनेड हमलों का निशाना बनाया गया है और अब वर्दी में पुलिसकर्मी भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
और अपराध की आग में जल रहा पंजाब
बीजेपी के अलावा कांग्रेस ने भी पंजाब सरकार को घेरा है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मोगा जिले के दौरे के दौरान राज्य में बढ़ते अपराधों, फिरौती और मुठभेड़ों पर चिंता जताई। पायलट ने कहा कि राज्य में हत्याएं और जबरन वसूली आम हो गई है और पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने शासन व्यवस्था में बदलाव की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि आम जनता भारी कठिनाइयों का सामना कर रही है।