राज्य स्तरीय खेल-कूद एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक महोत्सव ‘उमंग-2026’ के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने आज साहित्य, कला और बौद्धिक अभिव्यक्ति के विविध क्षेत्रों में अपने हुनर का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। गायन, क्विज, वाद-विवाद, कहानी व निबंध लेखन, पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, रचनात्मकता और तार्किक सोच के साथ अपनी प्रतिभा को राज्य स्तरीय मंच पर प्रस्तुत किया।

गायन में राजकीय पॉलिटेक्निक बांका के हर्ष राज विजेता तथा राजकीय पॉलिटेक्निक, सुपौल के चंद्रवीर कुमार उपविजेता रहे। क्विज में राजकीय पॉलिटेक्निक पटना-7 के किशन कुमार श्रीवास्तव एवं आदित्य राज की टीम प्रथम रही, जबकि राजकीय पॉलिटेक्निक मुजफ्फरपुर के बिट्टू कुमार एवं राणा उपविजेता बने। डम्ब शराड्स में राजकीय पॉलिटेक्निक खगड़िया के ओम कुमार गुप्ता एवं चंदन कुमार विजेता रहे और राजकीय पॉलिटेक्निक भागलपुर के आर्यन ठाकुर एवं शिवम कुमार उपविजेता रहे।

ग्रुप डिस्कशन (अंग्रेजी) और डिबेट (अंग्रेजी)—दोनों में जीपी पूर्णिया की अविश्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि क्रमशः प्रकृति सौम्या (जीडब्ल्यूपी पटना-14) और पलक कुमारी (एनजीपी पटना-13) उपविजेता रहीं। एक्सटेम्पोर (अंग्रेजी) में प्रकृति सौम्या विजेता तथा अविश्री उपविजेता रहीं। कहानी लेखन (हिंदी) में काजल कुमारी (जीडब्ल्यूपी पटना-14) और कहानी लेखन (अंग्रेजी) में विदुषी रंजन (जीडब्ल्यूपी मुजफ्फरपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

निबंध लेखन (हिंदी) में जीपी बांका के साजन कुमार और निबंध लेखन (अंग्रेजी) में राजकीय पॉलिटेक्निक मोतिहारी की स्तुति कुमारी विजेता रहीं। पेंटिंग में राजकीय पॉलिटेक्निक मोतिहारी के निखिल कुमार तथा पोस्टर मेकिंग में राजकीय पॉलिटेक्निक भोजपुर की अलिशा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता छात्रों को विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि ‘उमंग-2026’ के अंतर्गत अगले चरण में अब राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए राज्य स्तरीय खेल-कूद एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।













