पटना, 22 मार्च 2026: बिहार दिवस 2026 के अवसर पर गांधी मैदान, पटना में आयोजित समारोह में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार ने विभागीय स्टॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्य में तकनीकी शिक्षा के प्रसार और सुलभता को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न नवाचारों और योजनाओं को आम जनता के समक्ष प्रस्तुत किया गया है ।
उद्घाटन के दौरान अभियंत्रण महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्रों ने अपने उत्कृष्ट एवं समाजोपयोगी तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया, जिसने मंत्री सहित उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का एक प्रमुख आकर्षण वह सेल्फी कट-आउट रहा, जिसमें राज्य सरकार द्वारा अत्यंत सुलभ दर पर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसके तहत मात्र ₹10 प्रतिमाह में इंजीनियरिंग तथा ₹5 प्रतिमाह में पॉलिटेक्निक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा सुलभ हो रही है।
इस अवसर पर मंत्री श्री सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है, जिससे बिहार के हर घर में शिक्षा की अलख जगेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि इन योजनाओं की जानकारी राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाई जाए, ताकि समाज के सभी वर्ग इसका लाभ उठा सकें।
उल्लेखनीय है कि “उन्नत बिहार–उज्ज्वल बिहार” थीम के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाना, नवाचार को बढ़ावा देना तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरित करना है।









