जब मंडी में प्राकृतिक आपदा आई तब कंगना कहां थीं: सिंह

Wasim29 March 20241 min read0 viewsबॉलीवुड

शिमला, 29 मार्च (कड़वा सत्य) हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार व अभिनेत्री कंगना रणौत से पूछा कि जब मंडी में इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा आई और करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ, तब वह कहां थीं।

श्री सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह थीं, जिन्होंने वहां के लोगों से मुलाकात की थी और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या कंगना रणौत एक भी दिन, मंडी के एक भी इलाके में लोगों से मिलने आईं, क्या उन्होंने मुंबई से प्रभावित लोगों का सहयोग किया।

श्री सिंह ने कहा कि चुनाव केवल स्टारडम के आधार पर नहीं लड़ा जाता। चुनाव के लिए रणनीति व लोगों के प्रति प्रतिबद्धता जरूरी है। यह प्रतिबद्धता चुनाव तक नहीं, चुनाव के बाद के लिए भी होती है। उन्होंने पूछा कि क्या चुनाव के बाद भी कंगना मंडी संसदीय क्षेत्र को इतना समय दे पाएंगी। क्या मंडी के लोग अपने छोटे-छोटे काम करवाने के लिए मुंबई जाने को तैयार हैं।

सं. 

कड़वा सत्य

Share:

Comments

Leave a comment