उतार-चढ़ाव से गुजरकर उतरा शेयर बाजार

Wasim1 February 20241 min read0 viewsव्यापार

मुंबई 01 फरवरी (कड़वा सत्य) चुनावी साल होने के बावजूद नये वित्त वर्ष के अंतरिम बजट में लोकलुभावन वादों की बजाय देश के समग्र विकास के लिए उठाए गए ठोस कदम से आज शेयर बाजार पूरे दिन उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए अंत में गिरकर बंद हुआ।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के गुरुवार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम बजट संसद पटल पर रखने के बाद जैसे ही अपना भाषण शुरू किया तो बाजार ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और 72,151.02 अंक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। लेकिन, जैसे ही उनका भाषण समाप्ति की ओर बढ़ा बाजार गिरने लगा। हालांकि बाजार में रिकवरी हुई लेकिन उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए अंत में गिरकर बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 106.81 अंक टूटकर 71,645.30 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 28.25 अंक फिसलकर 21,697.45 अंक रह गया। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.40 प्रतिशत उतरकर 38,619.46 अंक और स्मॉलकैप 0.22 प्रतिशत की गिरावट लेकर 45,624.07 अंक पर आ गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 3943 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2028 में बिकवाली जबकि 1813 में लिवाली हुई वहीं 102 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 31 कंपनियां लाल जबकि शेष 19 हरे निशान पर रही।
बीएसई के 12 समूहों में गिरावट रही। इस दौरान दूरसंचार 1.55, कैपिटल गुड्स 1.12, रियल्टी 1.05, धातु 0.99, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.97, कमोडिटीज 0.91, सीडी 0.15, हेल्थकेयर 0.32, इंडस्ट्रियल्स 0.91, आईटी 0.33, तेल एवं गैस 0.02 और टेक समूह के शेयर 0.46 प्रतिशत लुढ़क गए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.36 और हांगकांग का हैंगसेंग 0.52 प्रतिशत मजबूत जबकि जर्मनी का डैक्स 0.29, जापान का निक्केई 0.76 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.64 प्रतिशत कमजोर रहा।
सूरज
जारी (कड़वा सत्य)

Share:

Comments

Leave a comment