Highlights
- मुंबई के पायधुनी इलाके में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत।
- डोकड़िया परिवार ने रात में बिरयानी खाने के बाद खाया था तरबूज।
- सुबह उल्टी दस्त शुरू होने के बाद सभी को JJ अस्पताल में कराया गया था एडमिट।
- इलाज के दौरान पिता, मां और दो नाबालिग बेटियों ने तोड़ा दम।
- जेजे मार्ग पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज कर इन्वेस्टिगेशन शुरू की।
Mumbai Food Poisoning: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। संदिग्ध फूड पॉइजनिंग (Food Poisoning) के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई है। मरने वालों में पति, पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार की तबीयत रात में बिरयानी और तरबूज खाने के बाद बिगड़ी थी।
रात के डिनर के बाद बिगड़ी तबीयत
घटना 25 अप्रैल की रात की है। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे परिवार के नौ लोगों ने एक साथ डिनर किया था। डिनर के बाद बाकी रिश्तेदार अपने घर चले गए। इसके बाद रात 1:00 से 1:30 बजे के बीच 40 वर्षीय अब्दुल्लाह डोकड़िया, उनकी 35 वर्षीय पत्नी नसरीन और बेटियां आईशा (16) व जैनब (13) ने तरबूज खाया।
उल्टी दस्त के बाद JJ अस्पताल में कराया गया एडमिट
सुबह 5:30 से 6:00 बजे के बीच चारों को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। परिवार के डॉक्टर ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत सीरियस होने पर उन्हें तुरंत JJ अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान चारों सदस्यों ने तोड़ा दम
JJ अस्पताल में इलाज के दौरान परिवार नहीं बच सका। सबसे पहले 13 साल की जैनब ने सुबह 10:15 बजे दम तोड़ दिया। इसके बाद रात 10:30 बजे पिता अब्दुल्लाह की भी मौत हो गई। बाद में मां नसरीन और 16 साल की बड़ी बेटी आईशा की भी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया एक्सीडेंटल डेथ का केस
जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ (ADR) का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम (Postmortem) और हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।






