‘उत्कल दिवस' पर खडगे-राहुल ने दी ओडिशा के लोगों को बधाई

Wasim1 April 20241 min read0 viewsदेश

नयी दिल्ली, 01 अप्रैल (कड़वा सत्य) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्कल दिवस पर ओडिशा के लोगों को बधाई देते हुए आज कहा कि राज्य की खुशहाली और वहां के लोगों के सुनहरे भविष्य के लिए कांग्रेस ही बेहतर काम कर सकती है।
श्री खडगे ने कहा “उत्कल दिवस के अवसर पर हम ओडिशा के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। ओडिशा प्राकृतिक सौंदर्य, अद्वितीय संस्कृति तथा सुंदर स्मारकों के लिए जाना जाता है और प्रकृति को महत्व देने वाली एक बड़ी आदिवासी आबादी का घर है।”
उन्होंने कहा “ओडिशा को अधिक रोजगार के अवसर, भ्रष्टाचार से मुक्ति और अपने सभी लोगों की बेहतरी की जरूरत है। यह विधानसभा चुनाव यह सुनिश्चित करने का उपयुक्त अवसर है। केवल कांग्रेस पार्टी ही यह सुनिश्चित कर सकती है। इस पवित्र दिन पर, आइए हम ओडिशा के उजज्ज्वल भविष्य की प्रतिज्ञा करें ताकि यह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाता रहे।”
श्री गांधी ने ओडिशा को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस की जरुरत बताते हुए कहा “सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विविधता और एक स्वर्णिम इतिहास से सुशोभित है ओडिशा। समस्त प्रदेशवासियों को उत्कल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ओडिशा के लोग मेहनती हैं, उनके पास सामर्थ्य है, लेकिन अवसर नहीं।”
उन्होंने कहा “राज्य के युवा बेरोज़गारी से त्रस्त हैं, पूरा प्रदेश एक लंबे समय से भयंकर भ्रष्टाचार से ग्रस्त है। 2024 वह समय है, अपने प्रिय राज्य को इनसे बाहर निकाल कर प्रगति बहाल करने का। कांग्रेस के साथ मिलकर ओडिशा के स्वर्णिम युग को वापस लाना है - लोगों को उन्नति के मार्ग पर लाना है। वन्दे उत्कल जननी।”
  अशोक
कड़वा सत्य

Share:

Comments

Leave a comment