देश में केवल एक चुनाव आयुक्त , मोदी सरकार को स्पष्टीकरण देना चाहिए-खरगे

Aasim10 March 20241 min read0 viewsदेश

नयी दिल्ली 09 मार्च (कड़वा सत्य) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि देश में अब केवल एक चुनाव आयुक्त है और इस पर मोदी सरकार को उचित स्पष्टीकरण देना चाहिए।
श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा 'भारत में अब केवल एक चुनाव आयुक्त है, जबकि कुछ ही दिनों में लोकसभा चुनावों की घोषणा होनी है। क्यों'।
उन्होंने कहा कि यदि हम अपने स्वतंत्र संस्थानों के व्यवस्थित विनाश को नहीं रोकते हैं, तो लोकतंत्र पर तानाशाही द्वारा कब्ज़ा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) अब गिरने वाली अंतिम संवैधानिक संस्थाओं में से एक होगी।
श्री खरगे ने कहा कि चुनाव आयुक्तों के चयन की नई प्रक्रिया ने अब प्रभावी रूप से सारी शक्तियाँ सत्ताधारी दल और प्रधानमंत्री को दे दी हैं, तो कार्यकाल पूरा होने के बाद भी नए चुनाव आयुक्त की नियुक्ति क्यों नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को इन सवालों का जवाब और उचित स्पष्टीकरण देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
डेस्क

Share:

Comments

Leave a comment