लखीसराय: जमालपुर-किऊल रेलखंड के अभयपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बैग से कुल 70 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की प्रत्येक बोतल 375 एमएल की बतायी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में शराब तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी देते हुए जमालपुर जीआरपी के रेल थानाध्यक्ष स्वराज कुमार ने बताया कि अभयपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पुलिस को एक संदिग्ध बैग दिखाई दिया। संदेह के आधार पर पुलिस ने बैग की जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान बैग के अंदर से विदेशी शराब की 70 बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 26.25 लीटर है। बैग को प्लेटफॉर्म पर लावारिस हालत में रखा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसकी थी और इसे स्टेशन तक कौन लेकर आया था। इसके लिए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा सकती है।जीआरपी द्वारा बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
पुलिस शराब तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। रेल पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या लावारिस बैग दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस या रेलवे सुरक्षा कर्मियों को दें।





