आजमगढ़: कोतवाली पुलिस ने छह वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी अंतरजनपदीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के खाजो लोहहरिया निवासी राजू पथरकट पुत्र रामरतन उर्फ रामजतन (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, राजू पथरकट वर्ष 2020 में करतालपुर स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई लूट के मामले में वांछित था। 5 फरवरी 2020 को चार हथियारबंद बदमाशों ने फ्लिपकार्ट कार्यालय में कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर भयभीत किया था और कैशियर से करीब ₹6,31,702 नकद, सीसीटीवी का एनवीआर और इंटरनेट राउटर लूट लिया था। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पर 4 अगस्त 2026 को एसएसपी आजमगढ़ ने ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था, जिसे 8 अगस्त को डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा बढ़ाकर ₹50 हजार कर दिया गया।
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्राइवेट बस अड्डा स्थित बंधा रोड से राजू पथरकट को करीब 2:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ बरामद अवैध हथियार के संबंध में कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2020 में फ्लिपकार्ट कार्यालय में लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, लूट की रकम से उसने अवैध तमंचा और कारतूस खरीदे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नेपाल, चेन्नई और बेंगलुरु सहित विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना और आर्म्स एक्ट समेत कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2007 का हत्या व अपहरण से संबंधित मुकदमा भी शामिल है।





