बैतूल:- बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम खापा में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मकान की खिड़की से लगे फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बैतूल बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कैलाश पिता गिर्दा इवने उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम खापा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घटना रविवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। सोमवार सुबह लगभग 6 बजे जब परिवार के सदस्य जागे तो उन्होंने कैलाश को मकान की खिड़की से फंदे पर लटका देखा। यह देखकर परिवार में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी तुरंत गांव के कोटवार को दी गई। कोटवार ने बैतूल बाजार पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि कैलाश मजदूरी का काम करता था। उसके परिवार में तीन बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सोमवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैलाश ने यह कदम किन कारणों से उठाया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





