मोतिहारी: श्रावण मास के प्रथम सोमवारी के मौके पर जलबोझी के नेपाल से आई बागमती नदी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।जिले के विभिन्न देवालयों में पूजा अर्चना के लिए पूर्वी चंपारण जिले स्थित पताही प्रखंड स्थित देवापुर संगम घाट पर जलबोझी के लिए भारी भीड़ जुटी।जिस दौरान बाढ़ बारिश के दिन में बागमती में आई उफान के चपेट में आने से दो श्रद्धालु युवक डूब गए।
बागमती नदी में स्नान के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे तथा एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पचपकड़ी थाना क्षेत्र के ललबेगिया गांव निवासी 17 वर्षीय कमलेश कुमार और 17 वर्षीय रौशन कुमार जलबोझी के लिए बागमती नदी में स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। साथ मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय नाविकों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी रितेश रंजन सेठ और पचपकड़ी थाना प्रभारी उत्तम कुमार मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया, जिसके बाद बोट की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद संगम घाट पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अंचलाधिकारी ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है।





