अररिया: फारबिसगंज स्थित शिशु भारती स्कूल में चौथी कक्षा के एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तबीयत खराब होने की बात कहने पर शिक्षक असीम दत्ता ने छात्र की पिटाई कर दी। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान शिक्षक ने बच्चे की गर्दन भी मरोड़ दी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद परिजन बच्चे को आनन-फानन में फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के अनुसार बच्चे की गर्दन में चोट लगी है और उसकी जांच की जा रही है।
पीड़ित छात्र की मां ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी परिस्थिति में बच्चे के साथ इस तरह की मारपीट स्वीकार्य नहीं है।
वहीं, पूरे मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन का पक्ष भी सामने आया है। प्रिंसिपल के बयान को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं। फिलहाल मामले में विद्यालय प्रबंधन और पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।





