औरंगाबाद: सोमवार को 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला औरंगाबाद शहर के राम लखन सिंह यादव कॉलेज के समीप चहारदीवारी के अंदर की है। मृतक की पहचान झारखंड के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कोल्हुआडा गांव निवासी फकीरा मेहता उर्फ शिव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, फकीरा मेहता औरंगाबाद शहर के पोखरा मोहल्ले में अजय मेहता के मकान में किराये पर रहते थे। वह ठेला लगाकर गुपचुप बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
शनिवार की शाम वह रोज की तरह अपना ठेला लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद उसकी पत्नी रेखा देवी और अन्य परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अहले सुबह राम लखन सिंह यादव कॉलेज के समीप कुछ लोगों की नजर चहारदीवारी के अंदर पड़े शव पर पड़ी। शव दिखाई देने के बाद लोगों ने शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान फकीरा मेहता के रूप में की और उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर रोने लगे।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना के सभी बिंदुओं पर गंभीरता पूर्वक जांच कर रही है। घटना को लेकर मृतक के परिजन बार-बार यह सवाल कर रहे थे कि आखिर उनके साथ ऐसी घटना कैसे हुई। शव पर जले के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष बबन कुमार बैठा ने बताया कि घटना के सभी बिंदुओं पर गंभीरता पूर्वक जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।





