लखीसराय: पीरीबाजार थाना क्षेत्र के बरियारपुर से घोंघी कोडाशी जाने वाले महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्ग को कजरा सोलर पावर प्लांट की चारदीवारी के दायरे में आने के कारण बंद कर दिए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इस सड़क के बंद होने से बरियारपुर, घोंघी, कोडाशी सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग वर्षों से क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन रहा है। सड़क बंद होने के बाद किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में वैकल्पिक रास्तों की स्थिति बेहद खराब होने से परेशानी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि या तो पुराने मार्ग को पुनः चालू कराया जाए अथवा शीघ्र ही एक सुगम और सुरक्षित वैकल्पिक सड़क उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन और विरोध जारी रहेगा।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बंद होने से क्षेत्र के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले में हस्तक्षेप कर जनहित को प्राथमिकता देने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे व्यापक जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों पुरानी सड़क या तो फिर से बहाल की जाएगी या फिर ऐसा वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिल सके।





