औरंगाबाद: जिले में धान की रोपणी का सीजन शुरू होते ही किसानों के सामने खाद की किल्लत की समस्या खड़ी हो गई है। इसी को लेकर दी औरंगाबाद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बिहार सरकार के कृषि मंत्री को पत्र लिखकर जिले में पर्याप्त मात्रा में DAP और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है।
पत्रांक 148, दिनांक 22/07/2026 के माध्यम से उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिले में धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है और यहां के अधिकांश लोग कृषि पर ही निर्भर हैं। अभी तक जिले में सिर्फ लगभग 25 प्रतिशत ही धान की रोपणी हो पाई है, लेकिन इसी शुरुआती दौर में ही DAP और यूरिया खाद की किल्लत शुरू हो गई है।
संतोष कुमार सिंह ने पत्र में लिखा कि खाद नहीं मिलने के कारण किसान उर्वरक के लिए दर-दर भटक रहे हैं। ऐसी स्थिति में धान की रोपणी प्रभावित हो रही है। उन्होंने अनुरोध किया कि किसानों को समय पर खाद मिल सके, इसके लिए जिले में प्रचुर मात्रा में DAP और यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो रोपणी कार्य बाधित होगा और इसका सीधा असर जिले के किसानों की उपज पर पड़ेगा। पत्र की प्रतिलिपि जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी औरंगाबाद एवं सचिव कृषि विभाग बिहार को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद ने भी खाद की किल्लत को संज्ञान में लेते हुए किसानों की समस्या को समझा और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर खाद की कमी और कालाबाजारी से अवगत कराया।
पूर्व सांसद के ध्यानाकर्षण के बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम ने जांच के दौरान एक दुकान का न सिर्फ लाइसेंस रद्द किया बल्कि तीन दुकानदारों से स्पष्टीकरण की भी मांग की। अब देखना है कि सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष के द्वारा की गई मांग से जिले में खाद की किल्लत कम होती है या नहीं।





