मुंगेर: जमालपुर से हावड़ा के बीच चल रही सुपर एक्सप्रेस को अब पटना जंक्शन तक विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। पूर्व रेलवे ने इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन का परिचालन पटना से शुरू हो सकता है। खास बात यह है कि विस्तार के बाद धरहरा, अभयपुर और किऊल के यात्रियों को पटना के लिए सीधी रेल सेवा मिलेगी। प्रस्तावित समय के अनुसार सुपर एक्सप्रेस करीब तीन घंटे पांच मिनट में जमालपुर से पटना की दूरी तय करेगी।

रेलवे के इस प्रस्ताव से पूर्व बिहार के यात्रियों को पटना आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। बताया गया कि ट्रेन का रैक जमालपुर में लंबे समय तक खड़ा रहता है। ऐसे में उसी रैक का बेहतर उपयोग करते हुए ट्रेन को पटना तक विस्तार देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सदस्य आशुतोष कुमार ने भी रेल मंत्रालय के समक्ष ट्रेन के विस्तार का सुझाव रखा था। उनका तर्क था कि इससे रेलवे के मौजूदा संसाधन का बेहतर उपयोग होने के साथ यात्रियों को नई सीधी सेवा मिल सकेगी।

ये है प्रस्तावित समय

पूर्व रेलवे के प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन संख्या 13071 हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस हावड़ा से रात 9:30 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 6:40 बजे जमालपुर पहुंचेगी और 6:45 बजे पटना के लिए रवाना होगी। धरहरा, अभयपुर और किऊल होते हुए सुबह 9:50 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 13072 पटना जंक्शन से शाम 5:20 बजे चलेगी। किऊल में प्रस्तावित समय शाम 7:10 बजे है। यहां से पांच मिनट बाद रवाना होकर रात 8:25 बजे जमालपुर पहुंचेगी। इसके बाद वर्तमान समय के अनुसार रात 8:30 बजे हावड़ा के लिए रवाना होगी और सुबह 5:35 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी का भी बदलेगा समय

ट्रेन संख्या 13401 भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव का प्रस्ताव है। वर्तमान में सुबह 5:25 बजे भागलपुर से चलने वाली ट्रेन को 5:40 बजे चलाने की तैयारी है। जमालपुर में इसका समय 6:43 की जगह 6:58 बजे और किऊल में 8:20 की जगह 8:33 बजे प्रस्तावित है। किऊल से पांच मिनट बाद रवाना होकर ट्रेन दोपहर 12:50 बजे दानापुर पहुंचेगी। रेलवे बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्तावित समय लागू किया जाएगा।