रोहतास: जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में हुई कथित गोलीबारी की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर एवं कृर्षी यंत्र में आग लगा दी। वहीं पुलिस के मौके पर पहुंचने के दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव भी किया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय चनेश्वर चौधरी, जो मजदूरी का काम करते थे, किसी कार्य से आरोपी अजीत तिवारी के घर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद आरोपी अजीत तिवारी घायल चनेश्वर चौधरी को अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों का कहना है कि घायल को इलाज के लिए ले जाया गया, जबकि कुछ लोगों का आरोप है कि साक्ष्य छिपाने की कोशिश की गई। हालांकि, इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में घुसकर आग लगा दी, जिससे घर में रखा कई सामान एवं कृषि यंत्र जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण पुलिस को विरोध का भी सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने की सूचना है।
बिक्रमगंज डीएसपी एवं रोहतास एसपी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया है और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और घायल चनेश्वर चौधरी की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।





