कोरबा: शहर के घंटाघर-बुधवारी मार्ग स्थित पॉश पावर हाइट्स कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने एक सूने मकान में धावा बोल दिया। चोर मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे और कमरों सहित अलमारियों को खंगालकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

चोरी की यह वारदात कॉलोनी के मून ब्लॉक निवासी विशाल गुप्ता के मकान में हुई। विशाल गुप्ता बालको प्लांट में नियोजित LIPL ठेका कंपनी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार रात विशाल गुप्ता को एक रिश्तेदार के निधन की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मकान में ताला लगाकर रवाना हो गए थे। (वर्तमान में वे किराए के दूसरे मकान में निवासरत हैं।)

मकान मालिक के निकलते ही कुछ ही घंटों के भीतर अज्ञात चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, जांच के दौरान कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, जिससे पुलिस की जांच और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पॉश कॉलोनी होने के बावजूद सुरक्षा तंत्र की इस लापरवाही से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। पुलिस फिलहाल आसपास के अन्य मार्गों और कैमरों के आधार पर सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।