रामानुजगंज: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पिछले कई घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। लगातार बारिश से जिले की प्रमुख कन्हर नदी उफान पर है और इस सीजन में पहली बार नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। नदी का पानी बढ़ते-बढ़ते रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक-9 स्थित सीसी रोड तक पहुंच गया है। इससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

कन्हर नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण रामानुजगंज नगर में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो नदी का पानी और आगे बढ़ने की आशंका है। नदी के आसपास बसे इलाकों में लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

वार्ड क्रमांक-9 तक पहुंचा नदी का पानी

कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उसका पानी नगर के वार्ड क्रमांक-9 तक पहुंच गया है। सीसी रोड के करीब पानी पहुंचने से स्थानीय लोगों में बाढ़ को लेकर आशंका बढ़ गई है। नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी सतर्क हो गया है।

नगर पालिका ने टीम को किया अलर्ट

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका की टीम लगातार संभावित प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रख रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम को अलर्ट रखा गया है।

उन्होंने बताया कि यदि हालात बिगड़ते हैं तो प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ ही आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल की जाएंगी। नगर पालिका की टीम लगातार स्थिति का जायजा ले रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

लगातार बारिश के बीच कन्हर नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी किनारे जाने से बचने की अपील की गई है। विशेषकर बच्चों और युवाओं को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।