लखीसराय: क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने कोलकाता स्थित फेयरली कार्यालय में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक दीपिका पांडेय से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लखीसराय, अभयपुर सहित आसपास के रेल यात्रियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान आशुतोष कुमार ने 03029/03038 हावड़ा–राजगीर (नटेसर) TOD स्पेशल ट्रेन में एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (2AC) कोच जोड़ने की मांग रखी। साथ ही डाउन दिशा में ट्रेन को स्पीड-अप करने, ट्रेन का परिचालन स्थायी करने तथा सप्ताह में चार दिन चलाने का आग्रह किया।
उन्होंने अभयपुर रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा स्टेशन भवन एवं सर्कुलेटिंग एरिया के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता बताई।
यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए भागलपुर से पटना के लिए सुबह के समय सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चलाने तथा भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस में प्रथम श्रेणी वातानुकूलित (1AC) कोच लगाने की मांग भी रखी गयी।
महाप्रबंधक दीपिका पांडेय ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को सकारात्मक पहल करने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुलाकात के बाद आशुतोष कुमार ने कहा कि क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा और रेल विकास से जुड़े इन मुद्दों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद है। उन्होंने महाप्रबंधक के सकारात्मक रुख के लिए आभार व्यक्त किया।





