बैतूल:- सिकंदराबाद एक्सप्रेस में सफर कर रही 20 वर्षीय गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। महिला के नाक से खून आने लगा था। गंभीर हालत में उसे बैतूल रेलवे स्टेशन पर उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। महिला चार महीने की गर्भवती थी।

जानकारी के अनुसार रिंकी कुमारी पति हरेंद्र यादव उम्र 20 वर्ष, निवासी जोगिया, थाना भारमपुर, जिला बक्सर (बिहार), अपने पति के साथ सिकंदराबाद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच S-1 में सफर कर रही थी। दोनों सिकंदराबाद से बक्सर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में अचानक रिंकी की तबीयत बिगड़ गई और उसकी नाक से खून आने लगा।

महिला के पति हरेंद्र यादव के अनुसार, ट्रेन के कर्मचारियों ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर उतरकर इलाज कराने की बात कही थी, लेकिन वहां उन्हें उतरने और उपचार कराने का मौका नहीं मिला। पति का आरोप है कि उन्हें आगे जाने के लिए कहा गया। इसके बाद बैतूल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की मदद से महिला को उतारा गया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया।

हरेंद्र ने बताया कि वह सिकंदराबाद में सेंटरिंग लगाने का काम करते हैं। उनकी पत्नी चार महीने की गर्भवती थी। उनका कहना है कि यदि नागपुर में ही समय पर इलाज मिल जाता तो संभव है कि उनकी पत्नी की जान बच जाती।

गुरुवार को महिला के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पति शव लेकर बिहार रवाना हो गया, जहां महिला का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।