सिंगरौली: बैढ़न-बरगवां मुख्य मार्ग को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाला गड़रिया बायपास इन दिनों भीषण प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। मुख्य मार्ग पर कोयला परिवहन में लगे भारी ट्रकों और ट्रेलरों का अनधिकृत कब्जा हो चुका है, जिससे यह महत्वपूर्ण बायपास पूरी तरह पार्किंग जोन में तब्दील हो गया है।
अव्यवस्थित पार्किंग से रोजाना लग रहा भीषण जाम
सड़क के दोनों ओर कोयले से लदे भारी वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं, जिससे मार्ग की चौड़ाई बेहद कम हो गई है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार, यह विकराल समस्या पिछले कई महीनों से लगातार बनी हुई है। सुबह से लेकर देर रात तक यहां भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और आपातकालीन वाहनों को उठानी पड़ रही है। संकरी बची सड़क से गुजरते समय हर पल बड़े हादसे का डर बना रहता है।

शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मौन
क्षेत्रीय जनता का आरोप है कि इस संबंध में कई बार स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति करते हैं, जिसके चलते ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों के हौसले बुलंद हैं।
जनता अब सीधे सवाल उठा रही है कि आखिर सार्वजनिक मार्ग को ट्रकों का निजी पार्किंग स्थल बनाने की अनुमति किसने दी? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठा है? स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रकों को हटाकर बायपास को सुगम नहीं बनाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।





