महासमुंद: जिले की कोमाखान थाना पुलिस ने धान खरीदी केंद्र में करीब 40.97 लाख रुपये की अनियमितता के मामले में फरार चल रहे समिति प्रभारी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मुनगासेर शाखा के शाखा प्रबंधक सेवकराम चंद्राकर, पिता स्व. मन्नूलाल चंद्राकर (58) ने कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उपार्जन केंद्र बाघामुडा के ऑनलाइन रिकॉर्ड में 1,25,878 कट्टा धान उपलब्ध दर्शाया गया था। वहीं, भौतिक सत्यापन के दौरान केंद्र के फड़ पर केवल 1,22,574 कट्टा धान ही मिला। इस तरह ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में 3,304 कट्टा धान (1,321.6 क्विंटल) की कमी पाई गई।
जांच में सामने आया कि गायब धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कुल 40,96,960 रुपये होता है। इस अनियमितता के आधार पर समिति प्रभारी प्रेमसिंह ध्रुव के खिलाफ कोमाखान थाने में अपराध क्रमांक 12/2026 के तहत धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। विवेचना के दौरान आरोपी के मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने ग्राम मोखा में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को 17 जुलाई 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया।





