नरसिंहपुर : जिले के करेली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सगौरिया में स्थित प्राचीन जैन मंदिर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है जहां से अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर भगवान की प्रतिमाएं चोरी करके ले गए।

जानकारी अनुसार आज सुबह जब मंदिर में पूजन करने के लिए सदस्य पहुंचे तो उनके द्वारा देखा गया की मंदिर का ताला टूटा हुआ है इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई और पर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय जैन समुदाय के सदस्यों की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच करते हुए जांच जारी की इस दौरान बताया गया है कि मंदिर के अंदर भगवान की अष्टधातु से बनी हुई 18 प्रतिमाएं विराजमान थी जिन्हें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए ।

चोरी गई प्रतिमाओं में भगवान महावीर स्वामी सहित अन्य जैन तीर्थंकरों की प्रतिमाएं शामिल बताई जा रही हैं । वही पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी जांच के लिए बुलाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि ग्राम सगौरिया का जैन मंदिर क्षेत्र का प्राचीनतम जैन मंदिर है। रात में चोरों ने ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और छोटी-बड़ी कई अष्टधातु की प्रतिमाएं चोरी कर लीं। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

घटना से जैन समाज में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर चोरी गई प्रतिमाओं की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।