रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए 9 अगस्त से एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रीवा एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। इसको लेकर एलायंस एयर ने शेड्यूल जारी कर दिया है। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने इसे विंध्य के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा को कोलकाता से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विंध्य क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

एलायंस एयर के अनुसार यह सेवा 72 सीट वाले एटीआर-72 विमान से संचालित होगी। यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। पहली उड़ान 9 अगस्त को भरेगी। इसके बाद अगस्त माह में 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25, 27 और 29 तारीख को भी निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सेवा जारी रहेगी।

फ्लाइट शेड्यूल इस प्रकार रहेगा

कोलकाता से उड़ान दोपहर 1:10 बजे होगी और विमान 3:15 बजे रीवा पहुंचेगा। इसके बाद रीवा से 3:40 बजे भोपाल के लिए रवाना होकर शाम 5:10 बजे भोपाल पहुंचेगा। वापसी में भोपाल से 5:35 बजे उड़ान भरकर 7:05 बजे रीवा पहुंचेगा, जहां से 7:30 बजे कोलकाता के लिए रवाना होकर रात 9:40 बजे कोलकाता पहुंचेगा।

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इस नई सेवा से रीवा से भोपाल की दूरी करीब 1 घंटे 30 मिनट में और रीवा से कोलकाता की दूरी लगभग 2 घंटे 10 मिनट में तय की जा सकेगी, जिससे यात्रियों का समय और संसाधन दोनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि अब विंध्य क्षेत्र के लोगों को कोलकाता जाने के लिए प्रयागराज, जबलपुर या वाराणसी जैसे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सीधे रीवा से ही हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा।

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने यह भी कहा कि इस सेवा से मैहर, चित्रकूट और अमरकंटक जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पूर्वी भारत के श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।