सिरोही: अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए मावल पुलिस चौकी पर नाकाबंदी के दौरान एक बंद बॉडी कंटेनर से 402 कार्टून अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मामले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया है।

 

जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान एवं वृत्ताधिकारी आबूराज बृजेश कुमार के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मावल चौकी पर लगातार सघन नाकाबंदी एवं संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।

 

इसी दौरान गुजरात की तरफ जा रहे एक बंद बॉडी कंटेनर को पुलिस ने रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर में पाउडर के कट्टों की आड़ में छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

 

पुलिस ने कंटेनर से कुल 402 कार्टून अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर वाहन चालक हिम्मत सिंह पुत्र सुल्तान सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी नरसास, थाना नेछवा, जिला सीकर को गिरफ्तार किया।

 

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी। साथ ही इस पूरे तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

कार्रवाई में थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के साथ सहायक उपनिरीक्षक भवानी सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबूरोड रीको पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।